कोलकाता में गडकरी को काला झंडा दिखाया
कोलकाता, 11 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस के संगठन छात्र परिषद के कार्यकर्ताओं ने कोलकाता पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन गडकारी को अफजल गुरु मामले में कांग्रेस के विरुद्ध अशोभनीय टिप्पणी देने के विरोध में काला झंडा दिखाया।
छात्र परिषद के कार्यकर्ताओं ने महाजाति सदन के बाहर प्रदर्शन किया, जहां श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 109वीं जयंती के उपलक्ष्य में गडकरी भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करने वाले थे।
पश्चिम बंगाल छात्र परिषद के अध्यक्ष सौरव चक्रवर्ती ने बताया, "हमने गडकारी के विरुद्ध प्रदर्शन किया, क्योंकि उन्होंने हमारी पार्टी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।"
तीन शहरों के लिए बने पुलिस कंट्रोल के एक अधिकारी ने बताया, "कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने समारोह स्थल के बाहर प्रदर्शन किया, लेकिन हमने उन्हें खदेड़ दिया। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।"
उल्लेखनीय है कि आठ जुलाई को गडकरी द्वारा दिए गए उस बयान पर कांग्रेस और भाजपा के बीच वाकयुद्ध चल रहा है, जिसमें उन्होंने संसद पर हुए हमले के दोषी अफजल गुरु को कांग्रेस का 'दामाद' बताया था।
ज्ञात हो कि 13 दिसंबर, 2001 को संसद पर हुए हमले के दोषी अफजल गुरु को मृत्युदंड की सजा सुनाई गई है। उसने राष्ट्रपति से क्षमा याचना की अपील की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications