पंजाब में घग्गर नदी में नई दरार
पंजाब के मुख्य इंजीनियर (सिंचाई) अमरजीत सिंह दुल्लत ने आईएएनएस से कहा, "मानसा कस्बे के समीप आज घग्गर नदी में करीब 20 फीट का एक नया कटाव हुआ। इसके कारण जिले के कई गांव पानी में डूब गए। हमारे अधिकारी दरार को पाटने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन पानी के भारी प्रवाह के कारण उनको कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।"
उन्होंने कहा कि राज्य के बाढ़ प्रभावित सभी जिलों में बचाव कार्य जारी है। कुछ स्थानों पर पानी का स्तर कम हुआ है जबकि कुछ स्थानों पर पानी का बवाह चिंताजनक स्तर पर बना हुआ है।
लुधियाना और पटियाला सहित पंजाब के कई स्थानों पर रविवार सुबह हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को पंजाब के कई स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान जताया है।
बाढ़ के प्रभाव से धीरे-धीरे उबर रहे पड़ोसी राज्य हरियाणा में भी रविवार को हल्की बारिश हुई।
अंबाला के उपायुक्त समीर पाल स्राव ने कहा कि सुबह बारिश हुई लेकिन इससे अंबाला में राहत कार्य प्रभावित नहीं हुआ। बाढ़ पीड़ितों को भोजन और अन्य सहायता मुहैया करवाई गई। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
इस सप्ताह आई बाढ़ से हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र और कैथल जिले सबसे अधिक प्रभावित हुए।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पंजाब और हरियाणा के बाढ़ प्रभावित इलाकों में अब तक 32 लोग मर चुके हैं।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली को पंजाब, हरियाणा और जम्मू एवं कश्मीर से जोड़ने वाले अंबाला-दिल्ली सेक्शन पर रविवार सुबह सेवाएं सामान्य रहीं।
अंबाला रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि कुछ रेल सेवाओं में विलंब हुआ लेकिन संचालन में कोई बड़ी समस्या नहीं आई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications