घग्गर के जलस्तर से हरियाणा के अधिकारी चिंतित
चंडीगढ़, 11 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा के कैथल जिले के अधिकारियों ने घग्गर नदी और अन्य नहरों में पानी का बहाव खतरनाक स्तर तक पहुंचने के कारण रविवार को बाढ़ के खतरे की आशंका प्रकट की है।
कैथल की उपायुक्त अमनीत पी.कुमार ने रविवार को कहा कि कैथल जिले के गुहला में घग्गर में पानी खतरे के निशान से चार मीटर ऊपर बह रहा है। इसके अलावा जिले से गुजरने वाली हांसी-बुटना लिंक नहर में 3,000 क्यूसेक पानी बह रहा है।
हरियाणा के कैथल, अंबाला और कुरुक्षेत्र जिले बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। राज्य में बाढ़ से अब तक 11 लोग मारे गए हैं।
कैथल में बाढ़ से हुए नुकसान के बारे में कुमार ने कहा, "बाढ़ से चार लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। करीब एक लाख हेक्टेयर कृषि भूमि बाढ़ग्रस्त हुई है और तीन करोड़ रुपये मूल्य की फसलें क्षतिग्रस्त हुई हैं।"
उन्होंने कहा कि 96 आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं और 4.60 करोड़ रुपये की सार्वजनिक संपत्ति का नुकसान हुआ। कुल अनुमानित नुकसान करीब 8.14 करोड़ रुपये है।
अधिकारियों के अनुसार नोएडा के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान के 90 लोगों का एक दल और सेना के 65 जवान कैथल में राहत कार्यो में लगे हैं।
कुमार ने कहा, "किसी भी स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी है। हमारे पास पानी के 15,000 पाउच, 15,000 बालू की बोरियां, 60 डीजल पंप और 20 ट्रैक्टर ट्रॉली तैयार हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications