महबूबा ने प्रधानमंत्री का आग्रह ठुकराया (लीड-2)
श्रीनगर, 11 जुलाई (आईएएनएस)। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती रविवार को अपने रुख पर अड़ी रहीं और जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा सोमवार को बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में शामिल होने के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आग्रह को ठुकरा दिया।
महबूबा ने संवाददाताओं से कहा, "मैं प्रधानमंत्री की आभारी हूं कि उन्होंने मुझे फोन किया। मैं उनका बहुत सम्मान करती हूं। उन्होंने हमें बैठक में शामिल होने की सलाह दी लेकिन इसमें शामिल होने की अपनी अक्षमता से मैंने उन्हें अवगत कराया। यह जाहिर करना मेरे लिए दुखद था।"
मनमोहन सिंह ने शनिवार रात को महबूबा से फोन करके सर्वदलीय बैठक में शामिल होने का अनुरोध किया था।
महबूबा ने कहा कि कश्मीर घाटी की स्थिति बहुत खराब है। जब तक कि कोई बड़ी पहल नहीं की जाती और कैद जैसी स्थिति में रहने वाले लोग इसे गंभीरता से नहीं लेते तब तक राज्य सरकार के स्तर पर कुछ भी नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा, "मैंने प्रधानमंत्री से माफी मांग ली है। लेकिन हम उनकी ओर से बड़ी पहल का इंतजार कर रहे हैं।"
मुफ्ती ने कहा, "मैंने प्रधानमंत्री को बताया कि लोगों तक पहुंचने की जरूरत है। मुख्यमंत्री द्वारा लोगों के बीच विश्वसनीयता खोना स्वीकार करने के बाद प्रधानमंत्री को पहल करने का अधिकार है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि उमर अब्दुल्ला की सरकार ऐसी बैठकें बुलाकर अपनी असफलताओं को छिपाना चाहती है। उन्होंने जो फैसले लिए वह नहीं लिए जाने चाहिए थे।
उन्होंने कहा कि लोगों के गुस्से को दबाने के लिए उन्होंने अत्यधिक बल का प्रयोग किया और यह जताने की कोशिश की कि जैसे घाटी में वह केवल इकलौते राष्ट्रवादी हैं।
महबूबा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने भी उनको फोन किया लेकिन सर्वदलीय बैठक केवल नुकसान की भरपाई करने और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की आंख में धूल झोंकने का प्रयास है।
उन्होंने कहा, "मैंने प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है और उनके समक्ष चार बिंदु भी रखे हैं। इनमें घाटी में मीडिया पर से प्रतिबंध हटाने, सेना की वापसी और राज्य सरकार द्वारा दमन रोकने की मांग की गई है।"
उल्लेखनीय है कि महबूबा ने शनिवार को ही स्पष्ट कर दिया था कि वह सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं होंगी। खुद उमर ने उनसे सर्वदलीय बैठक में शामिल होने का आग्रह किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications