जी-20 के दौरान पुलिस की ज्यादतियों के खिलाफ प्रदर्शन
टोरंटो, 11 जुलाई (आईएएनएस)। कनाडा के टोरंटो शहर में पिछले महीने आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान पुलिस की ज्यादतियों की जांच की मांग को लेकर कनाडा के प्रमुख बड़े शहरों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए।
इस सम्मेलन के दौरान कनाडा में अब तक की सबसे ज्यादा एक हजार लोगों की गिरफ्तारी की गई थी इस दौरान सुरक्षा बलों ने अपने गुप्त आपात अधिकारों का इस्तेमाल किया था।
सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को वहां लगाए गए लोहे के पिजरों में बंद किया गया था। इन लोगों में से ज्यादातर को छोड़ दिया गया लेकिन कुछ लोग अभी भी जेलों में बंद हैं।
भूमंडलीकरण का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के वाहनों को जला दिया था और दुकानों ओर इमारतों को नुकसान पहुंचाया था।
टोरंटो पुलिस सर्विस बोर्ड के प्रमुख आलोक मुखर्जी ने इस आयोजन के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली की स्वतंत्र नागरिक समीक्षा के आदेश दिए हैं इस समीक्षा के दौरान टोरंटो पुलिस के प्रमुख बिल ब्लेयर को पूछताछ के लिए बुलाया जा चुका है।
एमनेस्टी इंटरनेशनल, श्रम संगठन और करीब 2000 छात्रों ने शनिवार को नागरिक स्वतंत्रता दिवस के लिए प्रयास दिवस मनाते हुए सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री, ओंटेरियो के प्रांत प्रमुख, टोरंटो के मेयर और पुलिस प्रमुख से इन गिरफ्तारियों की जांच करने की मांग की।
सिविल लिबर्टीज संगठन की नोरा लोरेटो ने कहा, "जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली और काम करने के तरीके पर कई सवाल खड़े होते हैं।"
उन्होंने कहा, "आज की रैली का उद्देश्य इस बात की जांच की मांग करना है कि इस तरह बड़े पैमाने पर गिरफ्तारी का आदेश किस आधार पर दिया गया, कितने लोगों को गिरफ्तार किया गया और क्यों किया गया।"
इसी तरह के विरोध प्रदर्शन मांट्रियल, विंडसर और हैलीफैक्स में भी किए गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications