दलाई लामा से मिलकर लौटीं निरुपमा राव
जिले के पुलिस अधीक्षक अतुल फुलजेले ने आईएएनएस को बताया, "दिल्ली लौटते समय राव के साथ विदेश मंत्रालय में पूर्व एशिया मामलों के संयुक्त सचिव गौतम बंबावले भी थे।"
राव ने दलाई लामा के अलावा तिब्बत की निर्वासित सरकार के प्रधानमंत्री समधोंग रिंपोछे सहित अन्य उच्च पदस्थ अधिकारियों से शनिवार दोपहर मुलाकात की।
दलाई लामा के आधिकारिक निवास पर राव ने करीब 90 मिनट तक उनसे बातचीत की।
बातचीत के बाद दलाई लामा के कार्यालय के संयुक्त सचिव तेंजिन तक्लहा ने आईएएनएस को बताया, "बातचीत के दौरान सामान्य हितों से जुड़े मसलों पर चर्चा हुई।" उन्होंने इससे अधिक जानकारी नहीं दी।
उधर, नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने राव के दौरे के उद्देश्य और बैठक के बारे में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।
विदेश सचिव एवं चीन में राजदूत रह चुकीं निरुपमा राव और दलाई लामा के बीच बैठक को इसलिए काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि कुछ दिनों पहले ही राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन ने प्रधानमंत्री के विशेष दूत के रूप में चीन की यात्रा की थी। यात्रा के दौरान मेनन चीन के शीर्ष नेताओं से मिले थे।
निरुपमा राव ने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के साथ 'तिब्बतन इंस्टीट्यूट ऑफ परफार्मिग आर्ट्स' का दौरा किया, जहां एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
एक अधिकारी ने बताया, "तिब्बती संस्कृति और परंपरा को देखकर राव मंत्रमुग्ध हो गईं। वह निर्वासित सरकार द्वारा दिए गए रात्रिभोज में भी शामिल हुईं। इस दौरान वहां के प्रधानमंत्री रिंपोंछे भी उपस्थित थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications