'हिन्दू आतंकवाद' के मामले त्वरित अदालत में निपटाए जाए : माकपा
नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने केंद्र सरकार से 'हिन्दू आतंकी समूहों' से संबंधित कथित मामलों की सुनवाई त्वरित अदालतों में किए जाने की मांग की है।
माकपा पोलित ब्यूरो की ओर से रविवार को जारी एक बयान में कहा गया, "उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कुछ जिम्मेदार कार्यकर्ताओं के हिन्दू आतंकी समूहों से संबंधों को लेकर हो रही पूछताछ बहुत गंभीर मामला है।"
बयान में कहा गया है कि हिन्दू आतंकी समूहों की कम से कम तीन मामलों में-मालेगांव, अजमेर शरीफ और हैदराबाद के मक्का मस्जिद विस्फोट कांड में संलिप्तता संदिग्ध है।
इसके मुताबिक, "ऐसे समूहों से आरएसएस के प्रचारकों का संदिग्ध संबंध है। इसके लिए आरएसएस का अल्पसंख्यक विरोधी तर्कहीन प्रचार जिम्मेदार है।"
बयान में कहा गया है कि पार्टी ने पहले भी नांदेड़ बम विस्फोट और कोयम्बटूर स्थित आएसएस कार्यालय में हुए विस्फोट मामले की विस्तृत जांच कराने की मांग की थी लेकिन सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
"कम से कम सरकार को अब ऐसे मामलों का त्वरित अदालतों में निपटारा करना चाहिए ताकि ऐसी आतंकवादी गतिविधियों की वास्तविक प्रकृति सामने आ सके।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications