बिहार बंद के दौरान आगजनी और मारपीट
इस दौरान बंद समर्थकों ने राहगीरों और वाहन चालकों से मारपीट भी की। नालंदा में राजद और लोजपा के कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी जुलूस निकाला तो दानापुर में जानवरों के साथ बंद समर्थकों ने प्रदर्शन किया। हाजीपुर में रेलवे पटरी पर बंद समर्थकों ने आगजनी की।
आगजनी और जूलूस
राज्य के लगभग सभी क्षेत्रों में बंद समर्थक सुबह से ही सड़कों पर नजर आने लगे थे। बंद समर्थकों ने पटना के अशोक राजमार्ग को जाम कर दिया तथा आगजनी की। पटना सहित छपरा, बक्सर, हाजीपुर और जहानाबाद में बंद समर्थकों ने रेलमार्ग बाधित किया।इसके अलावा जहानाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 83 तथा छपरा, सासाराम, दरभंगा बक्सर, कैमूार में मुख्य मार्गो पर बंद समर्थकों ने जाम लगाया। पुलिस के अनुसार भागलपुर में 30 बंद समर्थकों को हिरासत में लिया गया। छपरा, बांका, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, मुंगेर में बंद का असर देखा गया।
हुआ बंद का असर
बंद के कारण वाहन कम नजर आए, वहीं बंद के कारण ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ा। आवागमन ठप्प होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बंद के मद्देनजर राज्य भर में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी पुलिस अधीक्षकों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक पी़ क़े ठाकुर ने शनिवार को कहा कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों में दंडाधिकारियों तथा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया है।
पटना में 25 संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा इन स्थानों पर पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की भी तैनाती की गई है। अशांति फैलाने वाले और यातायात बाधित करने वालों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया गया है। बंद को देखते हुए 'बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन एसोसिएशन' ने पटना के सभी निजी विद्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया।













Click it and Unblock the Notifications