त्रिनिदाद एवं टोबैगो में 1.4 करोड़ डॉलर का मंदिर बनेगा
पारस रामावतार
पोर्ट-ऑफ-स्पेन, 9 जुलाई (आईएएनएस)। भारत में जन्मे एक महात्मा ने त्रिनिदाद एवं टोबैगो के फ्रीपोर्ट सिटी में 1.4 करोड़ डॉलर की लागत से एक मंदिर बनवाने की घोषणा की है।
इसका निर्माण कार्य दीवाली के मौके पर शुरू होगा, जो इस साल 5 नवंबर को मनाई जाएगी।
ज्योतिषाचार्य श्री श्री गजेंद्र कुमार ने कहा, "लक्ष्मी नारायण मंदिर में 5000 से 10,000 वर्ष पूर्व की प्राचीन वैदिक परंपराओं की झलक मिलेगी। इसमें आध्यमिकता, नैतिकता और उस दौर के नैतिक मूल्यों की याद दिलाने वाले वास्तुशास्त्र को भी शामिल किया जाएगा।"
कुमार ने कहा कि यह मंदिर भारत और त्रिनिदाद एवं टोबैगो के बीच एक कड़ी के रूप में काम करेगा।
उन्होंने बताया, "मंदिर लक्ष्मीनारायण के नाम से होगा और यहां भगवान राम, भगवान कृष्ण, भगवान गणेश, देवी सरस्वती, पार्वती, राधा, दुर्गा, हनुमान जी समेत अन्य देवी देवताओं की भी मूर्ति स्थापित की जाएगी।"
कुमार का संबंध भारत के एक ऐसे हिंदू धर्माचार्य के परिवार से है जो करीब 200 साल से धार्मिक नेतृत्व करता रहा है।
इनके पिता ज्योतिषाचार्य श्री श्री हारायण कुमार मध्य प्रदेश में एक प्रसिद्ध हिंदू चिंतक रहे हैं। उनका जन्म उत्तर प्रदेश में हुआ था।
गन्ने और कोको की खेती के लिए 1845 से 1917 के बीच उत्तर प्रदेश और बिहार से यहां करीब 145,000 लोग आए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications