'हेडली ने बताई लश्कर और आईएसआई की सांठगांठ'
वाशिंगटन, 9 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जांच अधिकारियों से पूछताछ में मुंबई हमले के अभियुक्त डेविड कोलमैन हेडली ने आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलीजेंस (आईएसआई) के बीच गहरी सांठगांठ के बारे कई अहम खुलासे किए। आतंकवाद पर शोध करने वाली एक संस्था की ओर से यह दावा किया गया है।
हेडली मुंबई हमले के संदर्भ में गुनाह पहले ही स्वीकार कर चुका है। उसने माना है कि लश्कर के इशारों पर उसने मुंबई हमले में अहम किरदार निभाया था। पूछताछ के दौरान उसने आतंक के उन आकाओं के नाम भी बताए हैं जिन्होंने पाकिस्तान में बैठकर मुंबई में कहर बरपाने की पूरी योजना बनाई थी।
अमेरिका के एक संगठन 'इंवेस्टिगेटिव प्रोजेक्ट ऑन टेररिज्म' (आईपीएटी) के अनुसार हेडली ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के अधिकारियों को बताया कि लश्कर ने इस हमले के लिए आईएसआई के कुछ लोगों के साथ मिलकर काम किया था।
आईपीटी का कहना है कि हेडली ने बताया कि जमात-उद-दावा का सरगना हाफिज मोहम्मद सईद ही 26 नवंबर, 2008 को हुए मुंबई हमले का मख्य षड्यंत्रकारी है। इस हमले में लगभग 166 लोग मारे गए थे।
इस संस्था का कहना है कि हेडली ने लश्कर और आईएसआई की सांठगांठ के बारे में जो विवरण दिया, उसे भारत की ओर से पाकिस्तान को सौंपे गए 11 सबूती दस्तावेज में भी शामिल किया गया। इस्लामाबाद इस बात से इंकार करता रहा है कि मुंबई हमले में सईद या उसके संगठन की किसी तरह की संलिप्तता थी। परंतु पिछले दिनों उसने माना कि जमात एक आतंकवादी संगठन है।
गौरतलब है कि हेडली पाकिस्तान मूल का संदिग्ध आतंकवादी है। पिछले दिनों शिकागों में एनआईए के अधिकारियों ने मुंबई हमले के संदर्भ में उससे पूछताछ की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications