संयुक्त राष्ट्र ने श्रीलंका में कार्यालय बंद किया
कोलंबो, 9 जुलाई (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र ने श्रीलंका में अपना कार्यालय बंद कर दिया है और उसके प्रमुख को मंत्रणा के लिए न्यूयार्क बुला लिया है। संयुक्त राष्ट्र कार्यालय के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह कदम तमिल विद्रोहियों के खिलाफ संघर्ष के दौरान हुए कथित युद्धअपराधों की संयुक्त राष्ट्र द्वारा कराई जा रही जांच के विरोध में प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन जारी रहने के बाद उठाया गया है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने गुरुवार को कहा कि श्रीलंकाई अधिकारी देश में अपने यहां संयुक्त राष्ट्र की गतिविधियों में व्यवधान रोक पाने में असमर्थ रहे हैं, यह 'अस्वीकार्य' है।
श्रीलंका के निर्माण मंत्री विमल वीरावंसा और उनके नेशनल फ्रीडल फ्रंट (एनएफएफ) पार्टी के सदस्यों ने मंगलवार से कोलंबो में संयुक्त राष्ट्र कार्यालय के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया था।
वीरवंसा ने गुरुवार सुबह से भूख हड़ताल शुरू करते हुए कहा कि उनका विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक बान तमिलों के खिलाफ कथित युद्ध अपराधों की जांच के लिए एक दल बनाने के निर्णय को वापस नहीं ले लेते।
बान ने पिछले महीने तीन विशेषज्ञों का एक दल नियुक्त किया था जिससे कहा गया है वह श्रीलंका में 26 साल के गृह युद्ध के आखिरी चरण में श्रीलंकाई सरकार की जवाबदेही के संबंध में अपने विचार दे। इस युद्ध में पिछले साल तमिल विद्रोहियों की हार हुई थी और इसमें हजारों लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications