सोपोर में गोलीबारी, घाटी में कर्फ्यू जारी (लीड-1)
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "सोपोर में गुरुवार रात भारतीय स्टेट बैंक की इमारत पर आतंकवादियों ने गोलीबारी की, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। एक अन्य घटना में शुक्रवार तड़के आतंकवादियों ने पुलिस के वाहन पर गोलीबारी की जिसमें चालक घायल हो गया।"
अधिकारी ने कहा, "दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों का कहना है कि दोनों घायल पुलिसकर्मी खतरे से बाहर हैं।"
श्रीनगर, सोपोर, गांदेरबल, हंडवार और दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग, पुलवामा, काकपोरा और कुछ अन्य जगहों पर लगातार तीसरे दिन कर्फ्यू जारी है। एक अधिकारी ने कहा कि बारामूला, काजीगुंड, बिजाबेहरा और कांगन जैसे कस्बों में सख्ती की गई है।
इससे पहले गुरुवार को श्रीनगर से कहीं भी हिंसा की खबर नहीं आई हालांकि कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी गई थी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ही मुख्यमंत्री ने सभी दलों की एक बैठक बुलाई है जिसमें राज्य के मौजूदा हालात पर चर्चा की जाएगी।
श्रीनगर में बीते मंगलवार को हुई झड़पों के बाद यहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। इसके बाद कर्फ्यू लगा दिया गया था। इन झड़पों में दो किशोर, एक महिला और एक सरकारी कर्मचारी की मौत हो गई थी। बाद में यहां सेना की भी तैनाती की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications