बिहार बंद के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध
पटना, 9 जुलाई (आईएएनएस)। महंगाई के मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के आह्वान पर शनिवार को बिहार बंद के मद्देनजर राज्य भर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षकों को सभी थाना क्षेत्रों में गश्त तेज करवाने और अलर्ट रहने और असामाजिक तत्वों पर निगाह रखने का का निर्देश दिया गया है।
इधर, बंद को देखते हुए बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन एसोसिएशन ने पटना के सभी निजी विद्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया है।
राजद के महासचिव रामकृपाल यादव ने शुक्रवार को कहा कि बंद को आवश्यक सेवाओं से मुक्त रखा गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोलियम पदार्थो के मूल्य में वृद्धि से महंगाई और बढ़ गई है। केंद्र सरकार मूल्य में वृद्धि तत्काल वापस ले।
यादव ने राज्य की जनता से बंद को सफल बनाने की अपील की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications