फजलुल्लाह की तारीफ करने पर संपादक की छुट्टी
वाशिंगटन, 9 जुलाई (आईएएनएस)। समाचार चैनल सीएनएन की मध्य-पूर्व एशिया की संपादक ओक्टिवा नासर को शिया धर्मगुरु अयातुल्लाह मोहम्मद हुसैन फजलुल्लाह को 'सम्मानित व्यक्ति' बताने वाला एक ट्विटर संदेश लिखने पर उन्हें नौकरी से हटा दिया गया है।
सीएएन के अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पारिस खोसरावी ने कंपनी के एक आंतरिक पत्र में कहा कि नासर से गुरुवार सुबह हुई उनकी बातचीत के बाद उन्होंने नासर को पद से हटाने का फैसला किया है।
इससे पहले ईरान में पिछले साल विरोध प्रदर्शनों के समाचारों की कवरेज के लिए सीएनएन ने नासर को समाचार संग्रह के लिए ट्विटर जैसी वेबसाइटों को जरिया बनाने के लिए प्रशंसित किया था।
नासर पिछले 20 साल से इस समाचार संगठन से जुड़ी थी। उन्होंने फजलुल्लाह की मौत के बाद ट्विटर पर लिखा था, "यह दुखद समाचार है कि सैय्यद मोहम्मद हुसैनी का निधन हो गया है, वे हिजबुल्लाह के सम्मानित नेताओं में से एक थे।"
उनके इस संदेश पर सीएनएन के कुछ समर्थकों ने आपत्ति की थी और इसे पूर्वाग्रही विचार बताया था। सीएनएन के प्रवक्ता ने कहा कि नासर ने निर्णय लेने में गलती की है जो कि सीएनएन के मानकों से मेल नहीं खाती है।
मंगलवार शाम को नासर ने सीएनएन डॉट कॉम पर अपने ब्लॉग में अपने संदेश के लिए माफी मांगी और कहा कि मैंने फजलुल्लाह के जीवन के अन्य कार्यो की सराहना की थी और यह अलग विषय था।
उनकी इस सफाई को हालांकि सीएनएन प्रबंधन ने तवज्जो नहीं दी। खोसरावी ने कहा, "उनकी इस सफाई के बावजूद इस पद पर बने रहने के लिए उन्होंने अपनी विश्वसनीयता खो दी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications