'शाइनिंग इंडिया' की तरह प्रचार कर रहे हैं नीतीश : कांग्रेस
नई दिल्ली, 9 जुलाई (आईएएनएस)। समाचार पत्रों में प्रकाशित उपलब्धियों के विज्ञापन को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर आक्षेप करते हुए कहा कि वह सरकारी धन का उपयोग राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन के प्रचार के लिए कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने आईएएनएस से कहा, "वह अपनी पार्टी और गठबंधन के प्रचार में सरकारी धन का उपयोग कर रहे हैं। यह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की पुरानी आदत है। उन्होंने वर्ष 2004 में 'फील गुड' और 'शाइनिंग इंडिया' का नारा देकर प्रचार अभियान चलाया था।"
अहमद ने कहा कि बिहार में हुए जिन विकास कार्यो का दावा नीतीश कर रहे हैं, वे केंद्र सरकार के कोष से कराए गए हैं।
उन्होंने कहा, "यह नीतीश की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है। विकास कार्यो के लिए 90 प्रतिशत धन केंद्र सरकार द्वारा मुहैया कराया गया है।"
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि केंद्र की तत्कालीन भारतीय जनता पार्टी-नीत राजग सरकार ने बिहार के साथ पक्षपात किया था, लेकिन मनमोहन सिंह सरकार ने राज्य को उसके हिस्से से कहीं ज्यादा दिया है।
उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार ने शुक्रवार को कुछ राष्ट्रीय दैनिक में पांच वर्ष के दौरान किए गए कार्यो के प्रचार के लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की तस्वीरों के साथ विज्ञापन जारी किए हैं।
ज्ञात हो कि राज्य में इसी वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications