राष्ट्रपति ने दवा उद्योग से दूरदर्शी नजरिया अपनाने को कहा
दवा क्षेत्र के उद्यमियों और शिक्षाविदों के एक सम्मेलन के उद्घाटन के दौरान राष्ट्रपति ने कहा, "फार्मा परिषद दवा उद्योग के लिए भविष्य की जरूरतों के अनुरूप योजनाएं बनाए और स्वास्थ्य क्षेत्र में भविष्य में बढ़ने वाली मांग को ध्यान में रखे।"
उन्होंने कहा, "देश में जीवन पद्धति में बदलाव के कारण कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं पैदा होंगी। इस क्षेत्र में दवा उद्योग के विशिष्ट ज्ञान का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा।"
दवा उत्पादन के मामले में दुनिया में भारत का तीसरा और दवाओं की कुल कीमत के मामले में 13 वां स्थान है। पाटील ने कहा कि भविष्य में दवा उद्योग के लिए विकास की काफी संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा, "प्राइसवाटरहाउस कूपर्स ने अपनी ताजा रिपोर्ट में अनुमान लगाया है कि अमेरिका में करीब 70 अरब डॉलर की कीमत की दवाओं का पेटेंट खत्म होने जा रहा है। भारत इन दवाओं का बड़ा हिस्सा प्राप्त कर सकता है।"
राष्ट्रपति ने देश में स्वदेशी दवा निर्माण के लिए तंत्र विकसित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, "हम अपने चिकित्सा क्षेत्र के स्वदेशी ज्ञान से परिपूर्ण हैं इस संभावना का सही उपयोग किया जाना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications