पॉल ऑक्टोपस को नेपाल से बुलावा
काठमांडू, 9 जुलाई (आईएएनएस)। फुटबॉल विश्वकप में विजेता के नाम का पूर्वानुमान लगाने का काम पूरा करने के बाद पॉल ऑक्टोपस को जल्द ही एक नया काम मिल सकता है। नेपाल में राजनीतिक दलों की आपसी खींचतान खत्म करने और गठबंधन के लिए नया प्रधानमंत्री चुनने के लिए पॉल ऑक्टोपस को बुलाने की सलाह दी गई है।
विश्वकप फुटबॉल में ज्यादातर लोग सेमीफाइनल में जहां जर्मनी की जीत तय मान रहे थे वहीं पॉल ऑक्टोपस ने स्पेन की जीत की भविष्यवाणी की थी जो कि सही साबित हुई। जानकार मान रहे हैं कि नेपाल की जटिल राजनीतिक व्यवस्था के बारे में कोई भी पूर्वानुमान दे पाना पॉल ऑक्टोपस के लिए भी हिमालय जितनी बड़ी समस्या साबित हो सकती है।
नेपाल में पिछले दो साल से राजनीतिक अस्थिरता का माहौल बना हुआ है। यहां के राजनीतिक दल गठबंधन सरकार बनाने के लिए अभी तक एक सर्वमान्य नेता का चयन नहीं कर पाए हैं।
पिछले दो साल में यहां दो प्रधानमंत्री बदले जा चुके है और अब यहां तीन राजनीतिक दल और प्रधानमंत्री पद के लिए छह राजनेता सत्ता के लिए संघर्ष में जुटे हैं।
सत्ताधारी पार्टियों नेपाली कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल और माओवादी विपक्षी दलों की आपसी खींचतान के चलते अब यह असंभव लगने लगा है कि किसी एक व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाने के लिए सहमति बन पाएगी।
नेपाल की इस सबसे बड़ी उलझने के लिए समाचार पत्र नागरिक डेली ने सुझाव दिया है कि नेपाल के 34वें प्रधानमंत्री के नाम का चुनाव करने के लिए पॉल ऑक्टोपस को बुलाया जाए।
नेपाल के आर. के. लक्ष्मण माने जाने वाले काटरूनिस्ट राजेश केसी ने अपने एक कार्टून में पॉल ऑक्टोपस के सामने नेपाल के प्रधानमंत्री के दावेदार छह नेताओं को लाइन से खड़ा दिखाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications