विद्युत आपूर्ति में गड़बड़ी से भारतीय संचार उपग्रह प्रभावित
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के निदेशक (प्रकाशन एवं जन संपर्क) एस.सतीश ने आईएएनएस को बेंगलुरू से फोन पर बताया, "विशेषज्ञों का एक दल कुछ ट्रांसपोंडरों को आंशिक रूप से इस्तेमाल में लाने की संभावनाएं टटोल रहा है। विशेषज्ञों का दल जल्द से जल्द सेवाओं को बहाल करने के लिए काम कर रहा है।"
सतीश ने कहा कि एक सैटेलाइट के दो सौर पैनलों में विद्युत आपूर्ति ठप्प है, लिहाजा सैटेलाइट के छह कू-बैंड और छह सी-बैंड ट्रांसपोंडर बंद हो गए हैं।
सतीश ने कहा कि इसरो, आपात उपायों पर काम कर रहा है, ताकि ट्रांसपोंडर के ग्राहकों (टेलीविजन चैनल्स और दूरसंचार संचालकों) पर इसका असर न पड़े।
सतीश ने कहा, "इसरों के पास इनसैट उपग्रह परिवार के तहत 209 ट्रांसपोंडर हैं और हम इनसैट-4बी के उन ग्राहकों को किसी और ट्रांसपोडर से जोड़ने की संभावना तलाश रहे हैं, जिनकी सेवाएं प्रभावित हुई हैं।"
इनसैट-4बी में कुल 24 संचार ट्रांसपोंडर (12 कु-बैंड और 12 सी-बैंड) हैं और ये सभी मार्च 2007 से काम कर रहे हैं।
ज्ञात हो कि तीन टन वाला यह उपग्रह वर्ष 2007 में फ्रेंच गुयाना से एरियन5 रॉकेट द्वारा लांच किया गया था। उस समय इसकी उम्र 12 वर्ष तय की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications