गडकरी की टिप्पणी अशोभनीय : कांग्रेस
कांग्रेस ने यह टिप्पणी गडकरी के उस बयान पर की है, जिसमें उन्होंने कहा था कि केंद्र में सत्ताधारी पार्टी, संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु के साथ 'दामाद' जैसा व्यवहार कर रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने यहां कहा, "अश्लीलता, अशोभनीयता और मूर्खता पर कोई प्रतिक्रिया देकर उसे महिमामंडित नहीं करना चाहिए। यह बिल्कुल स्पष्ट है कि भाजपा अध्यक्ष ने मर्यादा को पूरी तरह खो दिया है। भाजपा को चाहिए कि वह अपने अध्यक्ष को किसी मनोरोग चिकित्सा केंद्र में भर्ती करा दे।"
देहरादून में गुरुवार को एक रैली को संबोधित करते हुए गडकरी ने अफजल गुरु की फांसी की सजा के क्रियान्वयन में हो रही देरी के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा था।
गडकरी ने कहा था, "मैं कांग्रेस नेताओं से पूछना चाहता हूं कि अफजल गुरु क्या आपका दामाद है..उसके साथ आखिर विशेष दर्जे का व्यवहार क्यों किया जा रहा है?" गडकरी ने कहा था कि कांग्रेस डरपोक लोगों की पार्टी है, जो आतंकवाद से नहीं लड़ सकती।
ज्ञात हो कि 13 दिसंबर, 2001 को संसद पर हुए हमले में भूमिका के लिए अफजल गुरु को अदालत ने फांसी की सजा सुनाई थी। लेकिन अभी तक उसे फांसी पर लटकाया नहीं जा सका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications