पाकिस्तान में आत्मघाती विस्फोट, 45 मरे (लीड-2)
पेशावर, 9 जुलाई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की सीमा के निकट पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर कबायली क्षेत्र में शुक्रवार को आत्मघाती कार बम हमले में कम से कम 45 लोग मारे गए और 75 से अधिक घायल हो गए।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि आत्मघाती हमलावर ने मोहम्मद जिले के याकाघुंड कस्बे में नागरिक प्रशासन कार्यालय के मुख्य द्वार पर कार में विस्फोट कर दिया।
इस इलाके में सुरक्षाबलों ने तालिबान और अलकायदा के आतंकवादियों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। जिस समय इस विस्फोट को अंजाम दिया गया उस समय कार्यालय के बाहर काफी भीड़ लगी हुई थी।
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी रसूल खान ने बताया, "कार बम विस्फोट में कम से कम 45 लोगों के मारे जाने और 75 से अधिक के घायल होने की पुष्टि हुई है।"
खान ने बताया कि विस्फोट की वजह से एक निकटवर्ती जेल का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया जिससे 35 कैदी फरार होने में सफल हो गए। फरार कैदी मामूली मामलों में आरोपित थे।
इससे पहले खान ने बताया था कि जेल से फरार होने वाले कैदियों में तालिबानी आतंकवादी भी शामिल हैं।
आत्मघाती हमले में घायलों को पेशावर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, स्थानीय समाचार चैनल 'पीटीवी' ने सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया कि आत्मघाती विस्फोट में 50 लोग मारे गए हैं जबकि 100 से अधिक घायल हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications