बिहार में 27,000 उर्दू शिक्षकों की भर्ती होगी
पटना, 9 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार मंत्रिमंडल की शुक्रवार की बैठक में राज्य के सभी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में उर्दू और संस्कृत विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए जल्द ही शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि राज्य में 27,000 उर्दू शिक्षकों की, 20,000 संस्कृत शिक्षकों की तथा 250 बांग्ला शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। इस भर्ती के बाद राज्य के सभी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में उर्दू और संस्कृत के शिक्षक उपलब्ध हो जाएंगे।
नीतीश कुमार ने कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक में, संभावित सूखे को देखते हुए किसानों को सिंचाई के लिए डीजल में प्रति लीटर 20 रुपए अनुदान देने का भी निर्णय लिया गया है। इसके लिए सरकार पर 605 करोड़ 75 लाख रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए वर्दी भत्ता की राशि बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया है। इसके अलावा राज्य में आंगनबाड़ी केन्द्रों में जाने वाले बच्चों को कपड़े के लिए प्रतिवर्ष 250 रुपये देने का निर्णय मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया है। मंत्रिमंडल की बैठक में इसके अलावा भी कई जनोपयोगी निर्णय लिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications