भारती एयरटेल का शेयर 10 प्रतिशत उछला
मुंबई, 9 जुलाई (आईएएनएस)। ग्लोबल रेटिंग एजेंसी क्रेडिट सुइस द्वारा भारती एयरटेल की रेटिंग में वृद्धि किए जाने के कारण बंबई स्टॉक एक्सचेंज पर इसके शेयर में 10 फीसदी का जोरदार उछाल दर्ज किया गया।
शुरुआती कारोबार में कंपनी के शेयर ने 10 प्रतिशत के उछाल के साथ 309.95 रुपये प्रति शेयर का उच्च स्तर छुआ। दोपहर एक बजे के करीब कंपनी के शेयर का भाव 8.1 प्रतिशत बढ़कर 303.60 रुपये प्रति शेयर के स्तर पर कारोबार कर रहा था। गुरुवार को कंपनी का शेयर 280.85 रुपये प्रति शेयर के स्तर पर बंद हुआ था।
एयरटेल के अलावा दूसरी बड़ी दूरसंचार कंपनियों रिलायंस कम्युनिकेशन और आइडिया सेल्युलर की रेटिंग में भी बढ़ोतरी किए जाने के कारण इनके शेयर में भी उछाल दर्ज किया गया।
रिलायंस कम्युनिकेशन के शेयर ने 3.88 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 195.25 रुपये प्रतिशेयर का उच्च स्तर छुआ वहीं, आइडिया सेल्युलर को रेटिंग एजेंसी द्वारा "बेहतर कंपनी" का दर्जा दिए जाने के बाद इसके शेयर ने 14.6 प्रतिशत के उछाल के साथ 67.65 रुपये प्रति शेयर का उच्च स्तर छुआ।
भारतीय एयरटेल की तेजी ने सेंसेक्स में 150 से ज्यादा अंकों की तेजी में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 17,667.85 अंक पर खुला और दोपहर एक बजे के करीब यह 159 अंक बढ़कर 17,811.17 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications