पिटाई के डर से छात्र स्कूल की छत से कूदा
जालौन। तमाम सरकारी फरमानों के बावजूद स्कूलों में बच्चों पर टीचरों का कहर कम नहीं हो रहा है। इसका स्पष्ट उदाहरण उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में देखने को मिला, जब एक छात्र शिक्षक की पिटाई के डर से स्कूल की छत से कूद पड़ा। ग्यारहवीं के इस छात्र की हालत नाजुक बनी हुई है।
हुआ यूं कि शहर के महर्षि विद्या मंदिर में शिक्षक गया प्रसाद पर छात्रों को प्रताडि़त करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक शिक्षक की प्रताड़ना से तंग आकर एक 16 वर्षीय छात्र राकेश कुमार राठौर बुधवार को विद्यालय की दूसरी मंजिल से नीचे कूद गया। गंभीर रूप से घायल छात्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
स्थानीय थाना प्रभारी एमपी तिवारी ने संवाददाताओं को बताया कि छात्र आज दोपहर बाद तीन मंजिला स्कूल की दूसरी मंजिल से नीचे कूद गया। उसके दोनों पैरों, सिर और कमर में गंभीर चोटें आईं हैं।
उन्होंने कहा कि छात्र के पिता अजय राठौर का आरोप है कि स्कूल के शिक्षक गया प्रसाद की प्रताड़ना के चलते ही उनका बेटा यह कदम उठाने को मजबूर हुआ। उन्होंने शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। तिवारी ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई होगी।












Click it and Unblock the Notifications