नक्सली बंद (उड़ीसा) : थाने पर हमला, पुलिस अधिकारी अगवा
भुवनेश्वर से करीब 150 किलोमीटर दूर दैतारी कस्बे में स्थित पुलिस स्टेशन पर महिलाओं सहित 30-40 हथियारबंद नक्सलियों ने देर रात धावा बोलकर काफी तोड़फोड़ की और उसके बाद उसे आग के हवाले कर दिया।
पुलिस महानिरीक्षक(ऑपरेशन) संजीव मारिक ने आईएएनएस को बताया, "पुलिस स्टेशन में केवल एक सहायक उपनिरीक्षक और एक कांस्टेबल मौजूद थे। नक्सलियों ने पुलिस अधिकारी को अगवा कर लिया जबकि कांस्टेबल भागने में सफल हो गया।"
नक्सलियों ने पुलिस स्टेशन के सामने स्थित वन विभाग की एक इमारत को भी आग लगा दी।
जिले के पुलिस अधीक्षक ए.के.सिंह ने कहा कि इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।
उड़ीसा के दूर-दराज के इलाकों में सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। मल्कानगिरी और रायगाढ़ा जिलों के कुछ इलाकों में यातायात पर असर पड़ा और रायगाढ़ा में सरकारी बसें नही चलीं।
नक्सलियों ने कंधमाल जिले में भी कई जगह सड़क अवरुद्ध कर दिया जिससे यातायात बाधित रहा।
मारिक ने बताया कि पुलिस स्टेशन और वन विभाग के कार्यालय पर हमले के अलावा राज्य के अधिकांश भागों में जनजीवन प्रभावित नहीं हुआ।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने अपने शीर्ष नेता चेरुकुरी राजकुमार उर्फ आजाद के मारे जाने के विरोध में बुधवार और गुरुवार को दो दिवसीय बंद का ऐलान किया है। नक्सलियों का आरोप है कि पुलिस ने आजाद को फर्जी मुठभेड़ में मारा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications