नक्सली बंद का आंध्र में आंशिक असर
बंद के कारण राज्य के उड़ीसा और छत्तीसगढ़ से लगे जनजातीय बहुल जिलों में आम जनजीवन प्रभावित हुआ क्योंकि अधिकारियों ने एहतियाती उपायों के तौर पर इन इलाकों में बस और रेल सेवाओं को स्थगित कर दिया।
बंद का आदिलाबाद जिले के दूरस्थ इलाकों में भी आंशिक असर देखा गया जहां चुरुकुरी राजकुमार उर्फ आजाद को पिछले सप्ताह पुलिस ने एक कथित मुठभेड़ में मार गिराया। बहरहाल नक्सलियों के एक अन्य मजबूत गढ़ तेलंगाना के हिस्सों में बंद का असर कम दिखा।
शीर्ष नेता की हत्या का बदला लेने के लिए नक्सलियों के हमला कर सकने संबंधी खुफिया रिपोर्टों को ध्यान में रखकर पुलिस ने उड़ीसा और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया।
उड़ीसा से लगे विजयनगरम, श्रीकाकुलम और विशाखापट्टनम जिलों और छत्तीसगढ़ से लगे खम्मम जिले में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए।
विजयनगरम के पुलिस अधीक्षक नवीन गुलाटी के अनुसार नक्सलियों की किसी गतिविधि को रोकने के लिए गश्त तेज कर दी गई है।
पुलिस ने क्षेत्र के नेताओं को बिना पर्याप्त सुरक्षा के आंतरिक इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी है।
नक्सलियों द्वारा रेलगाड़ियों को निशाना बनाने की संभावना को देखते हुए रेल अधिकारियों ने उड़ीसा और महाराष्ट्र सीमा से लगे इलाकों में कुछ रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications