अंबाला, कुरुक्षेत्र में बाढ़
चण्डीगढ़, 7 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा के अंबाला और कुरुक्षेत्र में नदियों और नहरों के तटबंध टूटने के कारण आई बाढ़ के बाद सेना से मदद मांगी गई है। बाढ़ के कारण यातायात और विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है।
अंबाला के उपायुक्त एस.पी.श्राव ने कहा कि भारी बारिश के कारण घाघरा नदी और सतलज यमुना लिंक नहर में पानी तटबंधों के ऊपर से बहने लगा है, परिणामस्वरूप तटबंध टूट गए हैं। अंबाला शहर और छावनी इलाकों में कई स्थानों पर तीन-चार फुट पानी डूबा हुआ है।
बाढ़ के कारण व्यस्त रहने वाले अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग-1 पर यातायात प्रभावित हुआ है और वाहनों को पंजाब के साथ लगी हरियाणा की सीमा के पास स्थित बुनेर की ओर मोड़ दिया गया है।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि अंबाला जिले के लगभग 350 गांवों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है, क्योंकि कई सारे उपकेंद्र पानी में डूब गए हैं। पानी को निकालने के लिए पंपों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रभावित इलाकों में राहत अभियान शुरू कर दिया जाए, खासतौर से अंबाला और कुरुक्षेत्र इलाकों में।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications