ज्ञानेश्वरी हादसे के मामले में एक और गिरफ्तार
कोलकाता, 7 जुलाई (आईएएनएस)। ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस हादसे के सिलसिले में एक और व्यक्ति को उड़ीसा में गिरफ्तार किया गया है। गत 28 मई को हुए इस हादसे में 148 लोगों की मौत हो गई थी।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के सूत्रों के मुताबिक मुख्य अरोपियों में से एक माणिक महतो को उड़ीसा राज्य पुलिस ने मयूरभंज से गिरफ्तार कर उसे सीबीआई के हवाले कर दिया।
सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया, "माणिक रेल पटरियों के बीच लगे पेंड्रोल क्लिप्स को भाड़े के गैंगमैनों से खुलवाने के लिए जिम्मेदार है।"
पुलिस सूत्रों के अनुसार माणिक पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले के मुराबोनी गांव का रहने वाला है। ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस हादसा वहीं हुआ था।
झारग्राम के पुलिस अधीक्षक प्रवीण त्रिपाठी ने बताया, "गिरफ्तारी से बचने के लिए माणिक मयूरभंज में अपने रिश्तेदार के यहां रह रहा था। छापेमारी के दौरान उसे पकड़ा गया।"
मामले की जांच कर रहे सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि माणिक को पश्चिम मिदनापुर लाया जाएगा। गुरुवार को उसे झारग्राम की अदालत में अतिरिक्त न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications