नक्सली बंद : पोस्टर बम विस्फोट से बाल-बाल बचे सुरक्षाकर्मी
पुलिस टीम ने रांची से 110 किलोमीटर दूर सिमडेगा जिले के रानी जंगल के नजदीक नक्सलियों के पोस्टर देखे जो दो बांसों पर टंगे हुए थे। पुलिस के जवानों ने जब बांसों को हटाने की कोशिश की तो विस्फोट हो गया। इससे एक किलोमीटर के दायरे में गहरा गड्ढा बन गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
घटनास्थल के पास से एक जिंदा लैंडमाइन भी बरामद किया गया है।
नक्सलियों के बंद के कारण झारखण्ड में सड़क यातायात एवं रेल सेवाएं तथा खनन गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।
रेलवे के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "नक्सलियों के बंद के मद्देनजर सात रेलगाड़ियां रद्द की गईं हैं और पांच के मार्ग में बदलाव किया गया है।"
रद्द की गईं रेलगाड़ियों में पलामू एक्सप्रेस, बरवाडीह-डेहरी आसनसोल एक्सप्रेस, टाटा-खड़गपुर एक्सप्रेस और चक्रधरपुर-गोमो एक्सप्रेस शामिल हैं।
जिन रेलगाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है, वे हैं- हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस, हावड़ा-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस और टाटा-जम्मू तवी एक्सप्रेस।
राष्ट्रीय राजमार्ग सूना पड़ा रहा और लंबी दूरी की कोई बस नहीं चली। कोयले की ढुलाई भी प्रभावित हुई।
राज्य पुलिस के प्रवक्ता वी. एच. देशमुख ने आईएएनएस को बताया, "राज्य में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। नक्सल प्रभावित इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।"
गौरतलब है कि नक्सलियों ने आंध्र प्रदेश में दो जुलाई को अपने नेता चेरूकुरी राजकुमार ऊर्फ आजाद के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के विरोध में बुधवार और गुरुवार को बंद का एलान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications