नौसेना के शीर्ष अधिकारी की दुर्घटनावश मौत (लीड-2)
नौसेना के प्रवक्ता कमांडर पी.वी.एस. सतीश ने आईएएनएस को बताया, "मुझे खेद के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि दक्षिणी नौसेना कमान के चीफ ऑफ स्टाफ रियर एडमिरल एस.एस.जामवाल की आईएनएस द्रोणाचार्य में दुर्घटनावश गोली लगने से मौत हो गई।"
सतीश ने बताया कि छोटे हथियारों के फायरिंग रेंज में गोली चलने से हुई 51 वर्षीय अधिकारी की मौत के बारे में जांच की जा रही है।
जामवाल ने दक्षिणी कमान के प्रमुख का पद एक सितंबर 2009 को संभाला था। इससे पहले वह मास्को स्थित भारतीय दूतावास में नौसेना विशेषज्ञ के तौर पर नियुक्त थे।
नैनीताल के लारेंस स्कूल सनावर, डिफेंस एकेडमी, रूस के ग्रेचको नेवल वार कॉलेज, डिफेंस सर्विस स्टॉफ कॉलेज वेलिंग्टन और आर्मी वार कॉलेज से शिक्षा और प्रशिक्षण प्राप्त जामवाल 30 वर्षो से नौसेना में थे। वह समुद्र के भीतर युद्ध में पनडुब्बियों का पता लगाने, उनका पीछा करने, रोकने, क्षतिग्रस्त या तबाह करने के विशेषज्ञ थे।
जम्मू के मूल निवासी जामवाल नौसेना में 1 जुलाई 1980 में भर्ती हुए थे। उनकी पत्नी गीता और दो बच्चे दिल्ली में रहते हैं।
जामवाल की मौत की खबर सुनने के बाद लोग उनके पिता मेजर जनरल (अवकाशप्राप्त) जगदीश सिंह जामवाल को सांत्वना देने के लिए उनके घर पर जमा हो गए।
जामवाल वर्ष 1983-85 के दौरान राष्ट्रपति के निजी सहायक थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications