अमेरिका में लू का प्रकोप, 1 की मौत (लीड-1)
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 7 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका इन दिनों गर्मी से बेहाल है। कम से कम चार शहरों में तापमान रिकॉर्ड तोड़ रहा है। इस मौसम में पहली बार चली गरम हवाओं ने ईस्ट कोस्ट को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। लू के कारण फिलाडेल्फिया में 92 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई।
राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार न्यूयार्क, बाल्टीमोर, फिलाडेल्फिया और प्रोविडेंस, रोडे द्वीप में तापमान ने अपना रिकार्ड तोड़ दिया है।
न्यूयार्क के सेंट्रल पार्क में अपराह्न् 4.45 बजे तापमान 103 डिग्री फारेनहाइट (39.44 डिग्री सेंटीग्रेट) था। इसके पहले वर्ष 1999 में यहां का तापमान 101 फारेनहाइट (38.33 डिग्री सेंटीग्रेट) था। बाल्टीमोर वाशिंगटन इंटरनेशनल एयरपोर्ट 105 फारेनहाइट (40.55 डिग्री सेंटीग्रेट) तापमान से झुलस रहा है।
कई अन्य स्थानों में तापमान 100 डिग्री फारेनहाइट (37.77 डिग्री सेंटीग्रेट) पर पहुंच गया है। मौसम विज्ञानियों ने चेतावनी दी है कि लू का प्रकोप बुधवार रात तक पूर्वोत्तर और मध्य अटलांटिक के साथ ही दक्षिण-पश्चिमी मिशिगन और पूर्वी केंटकी के अधिकांश इलाकों में बना रहेगा।
पूर्वोत्तर की गरम हवाओं के कारण कनेक्टिकट में विद्युत कटौती, वाशिंगटन में रेल सेवा में बाधा और न्यूयार्क सिटी में बिजली बचाने की चेतावनी जारी की गई है।
राष्ट्रीय राजधानी वाशिंगटन में रीगन नेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार दोपहर तक तापमान तीन अंकों तक, यानी 101 डिग्री फारेनहाइट (38.33 डिग्री सेंटीग्रेट) तक पहुंच गया।
न्यूयार्क सिटी और वाशिंगटन में पुस्तकालयों, वरिष्ठ केंद्रों और शहरी इमारतों में वातानुकूलन केंद्रों को खोल दिया गया है, जहां लोग राहत की सांस ले सकते हैं।
तापमान संबंधी अतीत की त्रासदियों के मद्देनजर स्थानीय अधिकारी हाई अलर्ट पर हैं। वर्ष 2006 में लू के कारण न्यूयार्क में 40 लोगों की मौत हो गई थी। वर्ष 1995 में शिकागो में 650 से अधिक लोग लू के कारण मारे गए थे। मारे गए लोगों में कई सारे बुजुर्ग थे, जो कि अकेले रह रहे थे।
तापमान ने जनसुविधाएं उपलब्ध कराने वालों की कठिनाई बढ़ा दी है और अन्य एजेंसियों ने आने वाली चुनौती से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। फिलाडेल्फिया और पेंसिलवेनिया में सोमवार को 16 लाख उपभोक्ताओं में से 8,000 को मांग में बढ़ोतरी के कारण बिजली नहीं मिल पाई।
एमट्रैक, रेलगाड़ियों में अतिरिक्त पानी जमा कर रहा है और अपने व्यस्त पूर्वोत्तर कॉरीडोर पर हर 30 से 50 मील की दूरी पर राहत गाड़ियों को तैनात कर रहा है।
सीएनएन ने चिकित्सा परीक्षण कार्यालय के हवाले से खबर दी है कि लू के कारण कम से कम एक महिला की मौत हो गई है। 92 वर्षीय इस महिला को फिलाडेल्फिया स्थित उसके घर में मृत पाया गया। महिला के घर में वातानुकूलन की सुविधा नहीं थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications