फीफा विश्व कप : नागालैंड के आधे मंत्री दक्षिण अफ्रीका में
कोहिमा, 7 जुलाई (आईएएनएस)। फुटबाल का बुखार नागालैंड में इतना तेज है कि मुख्यमंत्री नीफू रियो के नेतृत्व में मंत्रिमंडल के आधे मंत्री पहले से ही दक्षिण अफ्रीका में छुट्टी बिता रहे हैं और 11 जुलाई को होने वाले विश्व कप फाइनल का आनंद उठाने की पूरी तैयारी में हैं।
मंत्रिमंडल के 12 सदस्यों में से छह सदस्य 10 दिनों की छुट्टी पर दक्षिण अफ्रीका में हैं। इनमें रियो, गृह मंत्री इमकोंग एल.इमचेन, योजना पशु चिकित्सा एवं पशु पालन मंत्री टी.आर.जेलियांग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अजो नीनू, विद्युत मंत्री दोशेहे सेमा और कृषि मंत्री चुंबेन मुरी शामिल हैं।
मंत्रियों के अलावा ग्रामीण विकास संसदीय सचिव पेंगनयू फोम और मुख्यमंत्री के प्रेस सचिव अबु मेहता भी दक्षिण अफ्रीका में नागलैण्ड से गई इस टीम के हिस्से हैं।
यह दल दक्षिण अफ्रीका में मनोरम स्थलों का दौरा करेगा और साथ ही सॉकर सिटी स्टेडियम में फुटबाल विश्व कप के फाइन मैच का आनंद उठाएगा।
मुख्यमंत्री के एक करीबी सहयोगी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर आईएएनएस से कहा, "मंत्रियों ने कुछ दिनों के लिए अवकाश लिया है।"
लेकिन मंत्रियों के इस दौरे ने विपक्षी कांग्रेस पार्टी को हमले का एक मौका प्रदान कर दिया है। कांग्रेस ने मंत्रियों पर आरोप लगाया है कि वे ऐसे समय में छुट्टी मनाने निकले हैं, जब राज्य गंभीर वित्तीय बोझ के तले दबा हुआ है।
कांग्रेस की नागालैण्ड राज्य इकाई के अध्यक्ष आई.इमकोंग ने कहा, "मंत्रियों के इस दौरे से राजकोष को काफी नुकसान होगा और जनता का पैसा बर्बाद होगा।"
विदेश यात्रा पर निकलने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा था कि यह एक 'हॉलीडे पैकेज' है। लेकिन इसका खर्च कहां से आ रहा है, इस बारे में उन्होंने कुछ नहीं बताया।
मजेदार बात यह है कि मुख्यमंत्री ही, विधानसभा सत्र के शुरुआत में 22 जुलाई को राज्य का बजट पेश करेंगे। वित्त मंत्रालय का प्रभार मुख्यमंत्री के पास ही है। पिछले वर्ष राज्य ने चार अरब रुपये के घाटे का बजट पेश किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications