रिलायंस मीडिया वर्क्स ने फेम इंडिया में हिस्सेदारी बढ़ाई
कंपनी ने बंबई स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में कहा, "रिलायंस कैपिटल की सहयोगी कंपनी रिलायंस मीडिया वर्क्स और रिलायंस कैपिटल ने छह जुलाई को फेम इंडिया लिमिटेड के 0.05 प्रतिशत यानि कुल 16,196 शेयरों की खरीददारी की है।"
शेयरों की खरीददारी बाजार मूल्य पर स्टॉक एक्सचेंज के जरिए 83.11 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर की गई है।
देश की सबसे बड़ी सिनेमा चेन बिग सिनेमा का संचालन कर रही रिलायंस मीडिया वर्क्स को इस अधिग्रहण के लिए एक अन्य मल्टीप्लेक्स चेन कंपनी आइनॉक्स लाइसर से चुनौती मिल रही है। फेम इंडिया के मालिकों ने फरवरी में कंपनी की 43.28 प्रतिशत हिस्सेदारी 44 रुपये प्रति शेयर के मूल्य पर आइनॉक्स को बेची थी। यह कीमत रिलायंस द्वारा खरीदे गए 83 रुपये प्रति शेयर के मूल्य से काफी कम थी।
इसके अलावा आइनॉक्स ने फेम इंडिया के अतिरिक्त 7 प्रतिशत शेयर खुले बाजार से खरीदे हैं इसके बाद कंपनी में उसकी हिस्सेदारी 51 प्रतिशत हो गई है।
रिलायंस मीडिया वर्क्स ने फेम इंडिया के अधिग्रहण के लिए 83.40 रुपये प्रति शेयर के मूल्य पर 180 करोड़ रुपये की लागत से कंपनी की 52.72 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने का ओपन ऑफर जारी किया है।
आइनॉक्स लाइजर भी इस कंपनी की 20 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने के लिए 51 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर ओपन ऑफर जारी कर चुकी है।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज पर फेम इंडिया का शेयर अपने पिछले कारोबारी सत्र के अंतिम स्तर 83.70 रुपये की तुलना में 1.43 प्रतिशत गिरकर 82.50 रुपये पर कारोबार कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications