घाटी में तनाव, पिल्लै पहुंचेंगे श्रीनगर (लीड-1)
एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "गृह सचिव कश्मीर जा रहे हैं। वह घाटी के हालात का जायजा लेंगे। वह गुरुवार को दिल्ली लौटेंगे।"
अपनी कश्मीर यात्रा के दौरान पिल्लै राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को सुरक्षा मामलों पर मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में पिल्लै को श्रीनगर भेजने का फैसला हुआ था।
कश्मीर घाटी के कई इलाकों में कर्फ्यू लगा हुआ है। श्रीनगर के लोगों में विश्वास कायम करने के मकसद से सेना ने बुधवार सुबह फ्लैग मार्च भी किया।
श्रीनगर में मंगलवार को हुई झड़पों के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। इसके बाद ही कर्फ्यू लगा दिया गया था। इन झड़पों में दो किशोर, एक महिला और एक सरकारी कर्मचारी मारे गए थे। इसके अलावा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों सहित 90 से अधिक लोग घायल हुए थे।
सेना के प्रवक्ता जे. एस. बरार ने आईएएनएस को बताया के श्रीनगर हवाई अड्डे के निकट बुधवार सुबह सेना ने फ्लैग मार्च किया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार घाटी में शांति बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में सीआरपीएफ और पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है।
रक्षा राज्य मंत्री एम.एम. पल्लम राजू ने कहा है कि श्रीनगर में शांति बना रखने के लिए जब तक आवश्यक होगा तब तक सेना तैनात रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications