साथियों का अशिष्ट व्यवहार बढ़ा सकता है गल्तियां
एक नए अध्ययन में इस बात का खुलासा हुआ है। अध्ययनकर्ता रोना फ्लिन कहती हैं कि अशिष्ट व्यवहार और गल्तियों के बीच संबंध अस्पतालों के लिए विशेष चिंता का विषय है, जहां यह मरीजों की सुरक्षा और देखभाल के प्रति खतरनाक हो सकता है।
शोध ने मुताबिक ऑपरेशन थियेटर में चिकित्सक दल के सदस्यों के बीच आपस में अशिष्ट व्यवहार होने से उनकी सोचने-समझने की शक्ति कम हो जाती है जो मरीज के लिए खतरनाक हो सकती है।
ब्रिटेन के एबरडीन विश्वविद्यालय की प्रोफेसर फ्लिन चेतावनी देते हुए कहती हैं कि शल्य चिकित्सा के माहौल में वहां मौजूद दल को अपना कार्य संपन्न करने के लिए अच्छी स्मृति और ध्यान की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि यदि दल के सदस्यों के बीच कटुता हो तो इसका उनके काम पर और इस तरह से मरीज के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है।
इस अध्ययन के लिए ब्रिटेन के नेशनल हेल्थ सर्विस के 391 ऑपरेशन थियेटर्स का सर्वेक्षण किया गया था। अध्ययन के दौरान 66 प्रतिशत लोगों ने बताया कि नर्सो ने उनके प्रति खराब व्यवहार किया जबकि 53 प्रतिशत ने शल्य चिकित्सकों के खराब व्यवहार की बात कही।
फ्लिन कहती हैं कि मरीज की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन थियेटर्स में सामंजस्यपूर्ण वातावरण के अलावा सदस्यों के बीच सभ्यता होना भी बहुत जरूरी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications