फ्रांस में नकाब पर पाबंदी की तैयारी
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार विधेयक में महिलाओं को चेहरा ढंकने पर बंदिश के संदर्भ में कई प्रावधान शामिल हैं। इसके मुताबिक अगर कोई महिला सार्वजनिक तौर पर चेहरा ढंकी हुई पाई जाती है तो उसे 150 यूरो का जुर्माना देना पड़ेगा।
अगर कोई व्यक्ति किसी महिला पर परदा करने के लिए दबाव बनाता है तो उसे एक साल की सजा होगी और साथ ही 30,000 यूरो का जुर्माना देना पड़ेगा। यही नहीं किसी बच्ची को चेहरा ढंकने के लिए मजबूर किया जाता है तो ऐसा करने वाले को 60,000 यूरो का जुर्माना देना होगा और दो साल की सजा भी भुगतनी होगी।
इस विवादास्पद विधेयक के पारित होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है क्योंकि सत्ताधारी पार्टी यूएमपी और उनके सहयोगियों को संसद के दोनों सदनों में बहुमत प्राप्त है। विपक्षी सोशलिस्ट सांसदों के भी इस विधेयक का समर्थन करने की संभावना है।
उधर, सरकार की एक प्रमुख सलाहकार संस्था 'काउंसिल ऑफ स्टेट' ने इस विवादास्पद विधेयक पर आपत्ति जताई है। इसका विरोध करने वालों का तर्क है कि यह मानवाधिकारों का उल्लंघन है।
गौरतलब है कि बेल्जियम की संसद में ऐसा ही एक विधेयक पारित हो चुका है जबकि स्पेन में इसकी तैयारी चल रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications