श्रीलंका में संयुक्त राष्ट्र कार्यालय बंद
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार अल्पसंख्यक तमिल समुदाय के खिलाफ युद्ध में हुए कथित युद्ध अपराधों की जांच के संयुक्त राष्ट्र के फैसले के खिलाफ मंगलवार से विरोध प्रदर्शन शुरू हुए।
एक स्थानीय संयुक्त राष्ट्र कर्मचारी ने कहा, "हमें बताया गया कि हम अपने घरों से अपना काम कर सकते हैं क्योंकि कार्यालय आना असुविधाजनक होगा।"
प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार शाम को संयुक्त राष्ट्र कर्मियों को कार्यालय से बाहर निकलने से करीब तीन घंटे तक रोके रखा। विदेश मंत्री रोमेश जयसिंहा की मध्यस्थता के बाद संयुक्त राष्ट्र कर्मी कार्यालय से बाहर निकल सके।
मंगलवार को सरकार समर्थन नेशनल फ्रीडम फ्रंट के कुछ कार्यकर्ताओं की संयुक्त राष्ट्र कार्यालय से बाहर पुलिस से झड़प भी हुई।
प्रदर्शनकारियों के नेता और आवास एवं निर्माण मंत्री विमल वीरावंसा ने कहा, "श्रीलंका में कथित युद्ध अपराधों की जांच के लिए समिति बनाने के फैसले को जब तक वापस नहीं लिया जाता तब तक संयुक्त राष्ट्र कार्यालय के सामने हमारा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।"
श्रीलंका सरकार ने बुधवार को एक आधिकारिक बयान में कहा, "श्रीलंका के एक लोकतांत्रिक समाज होने के नाते सरकार शांतिपूर्ण प्रदर्शनों सहित विरोध के स्वर उठाने के अधिकार का सम्मान करती है। इसके अनुसार पुलिस ने परिसर के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दी है।"
बयान में कहा गया कि सरकार को अपनी अंतर्राष्ट्रीय जिम्मेदारियों का पूरा ध्यान है और पर्याप्त संख्या में पुलिस को तैनात किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications