तेल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ बसपा का प्रदर्शन
लखनऊ, 6 जुलाई (आईएएनएस)। पेट्रोलियम पदार्थो की मूल्यवृद्धि के खिलाफ सभी विपक्षी दलों द्वारा सोमवार को आयोजित भारत बंद से खुद को अलग रखने वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) मंगलवार को पूरे उत्तर प्रदेश में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर रही है।
प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर बसपा के कार्यकर्ता महंगाई के खिलाफ धरना प्रदर्शन करके कांग्रेस की अगुवाई वाली केंद्र सरकार के खिलाफ अपने विरोध का इजहार कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री एवं बसपा प्रमुख मायावती के निर्देश पर बसपा सरकार के मंत्रियों के अलावा सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता अलग-अलग स्थानों पर धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हैं।
लखनऊ के ज्योतिबाफुले पार्क में हो रहे धरना प्रदर्शन का नेतृत्व लोक निर्माण मंत्री एवं बसपा के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी कर रहे हैं।
बसपा पदाधिकारियों ने कहा कि धरना प्रदर्शन के जरिए वे जनता के सामने आम आदमी की सरकार होने का दावा करने वाली कांग्रेस का मुखौटा उतारेंगे। हम लोगों को बताएंगे कि कैसे केंद्र सरकार केवल धन्नासेठों को लाभ पहुंचाने के लिए गरीब और आम आदमी की उपेक्षा कर रही है। कांग्रेस का हाथ आम आदमी के साथ का नारा केवल छलावा है।
उन्होंने कहा कि पहले ही महंगाई से समूचे देश में हाहाकार मचा हुआ है। अब पेट्रोल, डीजल, कैरोसिन और रसोई गैस के दाम में बढ़ोतरी से आम आदमी का जीना मोहाल हो जाएगा। केंद्र सरकार बढ़ी कीमतों को तत्काल वापस ले।
बसपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को आलाकमान से सभी जगहों पर धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications