चण्डीगढ़, पंजाब व हरियाणा में बारिश
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक क्षेत्र में अगले दो से तीन दिन तक वर्षा लगातार जारी रहेगी।
मौसम विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "इन हिस्सों में सोमवार रात से बारिश शुरू हुई और बिना रुके जारी रही। अगले 24 से 36 घंटों के दौरान और वर्षा होने की संभावना है। इसकी वजह से इन इलाकों में तापमान में भी और कमी आएगी।"
उन्होंने बताया, "चण्डीगढ़ में सोमवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री नीचे है। इसी तरह पंजाब और हरियाणा के अधिकतर क्षेत्रों में पारे में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की कमी देखी गई।"
चण्डीगढ़ में मंगलवार सुबह 86.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हरियाणा के अंबाला शहर में 190.6 मिलीमीटर और पंजाब के पटियाला शहर में 90.5 मिलीमीटर वर्षा हुई।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून ने उत्तर भारत के इस इलाके में सोमवार को दस्तक दी। वर्ष 2009 में यह 30 जून को ही पहुंच गया था।
चण्डीगढ़ और पंजाब में भारी बारिश और जल जमाव की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते यातायात व्यवस्था और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications