कीमतों में वृद्धि के खिलाफ बसपा का प्रदर्शन (लीड-1)
प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर बसपा कार्यकर्ताओं ने महंगाई और ईंधन कीमतों में वृद्धि के विरोध में धरना प्रदशर्न करके केंद्र सरकार के खिलाफ गुस्से का इजहार किया।
लखनऊ में ज्योतिबाफुले पार्क में धरना प्रदशर्न का नेतृत्व राज्य के लोक निर्माण मंत्री एवं बसपा महासचिव, नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अगुवाई वाली केंद्र सरकार बड़े-बड़े धन्नासेठों से पैसे लेकर उन्हें फायदा पहुंचाने के लिए ईंधन के दाम बढ़ा रही है।
सिद्दीकी ने कहा कि कांग्रेस का हाथ आम आदमी के साथ का नारा केवल छलावा है।
बसपा महासचिव ने कहा कि महंगाई पहले से ही आम आदमी की कमर तोड़ रही है। अब पेट्रोल, डीजल, केरोसिन और रसोई गैस में बढ़ोतरी से आम आदमी का जीना दूभर हो जाएगा। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार कीमतों को तत्काल वापस ले।
बसपा सरकार में नगर विकास मंत्री नकुल दुबे ने कहा कि कांग्रेस जिस तरह से जनता को महंगाई की आग में झ्झोंककर कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने का काम कर रही है, जनता उसे अगले लोकसभा चुनाव में सत्ता से बेदखल करके सजा देगी।
उन्होंने लोगों से अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार को केंद्र की सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री एवं बसपा प्रमुख मायावती के निर्देश पर बसपा सरकार के मंत्रियों के साथ-साथ सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने अलग-अलग स्थानों पर धरना प्रदशर्न में हिस्सा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications