कांग्रेस के केंद्रीय मंत्री बिहार में करेंगे प्रचार
कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि केंद्र सरकार के विभिन्न विकास संबंधी कार्यक्रमों को देख रहे 22 केंद्रीय मंत्रियों के दौरे का कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है।
चूंकि संभावना इस बात की बनी है कि विधानसभा चुनाव विकास के एजेंडे पर लड़ा जाएगा, लिहाजा पार्टी महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी जैसी केंद्रीय योजनाओं का श्रेय लेना चाहती है।
कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने कहा कि राज्य में पार्टी की तैयारी ने जोर पकड़ लिया है और जनता की ओर से उत्साहवर्धक प्रतिक्रिया मिल रही है।
अहमद ने आईएएनएस से कहा, "जनता राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) और लालू प्रसाद गठबंधन (राष्ट्रीय जनता दल-लोक जनशक्ति पार्टी) के खिलाफ है। जनता तीसरा विकल्प देख रही है और वह कांग्रेस से उम्मीदें लगाए बैठी है।"
इस महीने केंद्रीय मंत्रियों में सी.पी.जोशी (ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री) और गुलाम नबी आजाद (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री) बिहार का दौरा कर सकते हैं।
पार्टी सूत्रों ने कहा कि इस महीने बिहार का दौरा करने वाले राज्य मंत्रियों में सचिन पायलट (संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी), ज्योतिरादित्य सिंधिया (वाणिज्य एवं उद्योग) और आर.पी.एन.सिंह (सड़क परिवहन एवं राजमार्ग) के नाम शामिल हैं।
स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों में श्रीप्रकाश जैसवाल (कोयला) और सलमान खुर्शीद (अल्पसंख्यक मामले) भी इस महीने बिहार का दौरा करने वाले हैं।
ज्ञात हो कि इस वर्ष अक्टूबर-नवंबर में होने जा रहे बिहार विधानसभा के चुनाव को कांग्रेस अकेले दम पर लड़ रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications