श्रीनगर में गोलीबारी में 3 की मौत
बटमालू इलाके में मंगलवार को ही सुरक्षाबलों की गोलीबारी में मारी गई 25 वर्षीया महिला की अंतिम यात्रा में शरीक हुए सैकड़ों लोगों के हिंसक होने पर सुरक्षा बलों द्वारा की गई गोलीबारी में एक 14 वर्षीय किशोर अबरार अहमद की मौत हो गई।
इसके अलावा एक अन्य युवक ओसिस अहमद उर्फ मंडेला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर के गंगबाग (बटमालू) इलाके में मंगलवार सुबह एक 17 वर्षीय किशोर मुजफ्फर अहमद भट की लाश एक नाले से मिलने के बाद शहर में तनाव फैल गया था।
स्थानीय लोगों और भट के परिवार वालों का कहना है कि भट तब नाले में कूद गया था जब सुरक्षा बल के जवान उसका पीछा कर रहे थे। नाले में डूबने से उसकी मौत हो गई थी।
भट की मौत के बाद विरोध प्रदर्शन कर रही भीड़ पर सुरक्षा बलों की गोलीबारी में 30 वर्षीय फयाज अहमद वानी और एक 25 वर्षीया महिला फैंसी की गोली लगने से मौत हो गई।
फैंसी की मौत वानी की मौत के बाद विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों पर सुरक्षा बलों की गोलीबारी में हुई।
पुलिस वाहनों पर लाउड स्पीकर के जरिए पूरे शहर में कर्फ्यू लागू किए जाने की घोषणा की गई है लेकिन मस्जिद द्वारा लोगों से विरोध प्रदर्शन की अपील के चलते बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर एकत्रित हो रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications