गिरफ्तार नहीं हुआ मुल्ला उमर : तालिबान
इस्लामाबाद, 6 जुलाई (आईएएनएस)। तालिबान के एक प्रवक्ता ने कहा है कि तालिबानी सरगना मुल्ला उमर पाकिस्तान में गिरफ्तार नहीं हुआ है।
प्रवक्ता जबिउल्लाह ने एक टीवी चैनल से कहा कि मुल्ला उमर की गिरफ्तारी की खबर अमेरिका और नाटो का दुष्प्रचार है और अब अमेरिका अपनी नाक बचाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रहा है। समाचार पत्र 'द नेशन' के अनुसार प्रवक्ता ने कहा कि मुल्ला उमर अभी तक अफगानिस्तान में ही है।
अमेरिका मुल्ला उमर की सूचना देने वाले को एक करोड़ डॉलर का इनाम देने की घोषणा कर चुका है। मुल्ला उमर की दायीं आंख खराब है। तालिबानियों ने अमेरिका पर 11 सितंबर के हमले के बाद ओसामा बिन लादेन और अल कायदा को अफगानिस्तान में पनाह दी थी।
मुल्ला उमर की गिरफ्तारी की बात अमेरिका के एक ब्लॉग से सामने आई थी।
अमेरिका के ब्लॉगर ब्राड थोर ने 13 मई को वेबसाइट 'बिग गवर्नमेंट डॉट कॉम' पर यह दावा किया था कि पाकिस्तानी इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस एजेंसी (आईएसआई) ने 27 मार्च को कराची में उसे गिरफ्तार कर लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications