पॉप करियर शुरू करेंगी प्रिया कालीदास
लेस्टर, 6 जुलाई (आईएएनएस)। 'बेंड इट लाइक बेकहम' की अभिनेत्री प्रिया कालिदास एक वार्षिक महोत्सव में अपने पॉप करियर की शुरुआत करेंगी। इस महोत्सव में दक्षिण एशियाई कला, नृत्य, व्यंजन और मनोरंजन भी होगा।
ब्रिटेन में होने वाले सबसे बड़े दक्षिण एशियाई समारोहों में से एक 'वार्षिक लेस्टर बेलग्रेव मेला' के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। यह मेला 18 जुलाई से शुरू होगा।
शहर के केंद्र में यह आयोजन होगा और इसके लिए यहां आने वाले हजारों लोगों के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं।
इस बार मेले का मुख्य आकर्षण 'ईस्ट एंडर्स' और 'बेंड इट लाइक बेकहम' फिल्मों में काम कर चुकीं प्रिया कालिदास होंगी।
वह इस मेले में अपनी प्रस्तुति देने के साथ अपने पॉप करियर की शुरुआत करेंगी। वह मंच पर एच. धामी और मुम्जी स्ट्रैंजर जैसी हस्तियों के साथ होंगी।
मेले के अन्य आकर्षणों में मेला बाजार शामिल होगा। यहां विभिन्न भारतीय वस्तुओं की दुकानें लगी होगीं। यहां तरह-तरह के भारतीय व्यंजन भी मिलेंगे और एशियाई शादियों में पहने जाने वाले परिधानों की एक प्रदर्शनी भी होगी।
महोत्सव के निदेशक प्रवीण मिस्त्री ने आईएएनएस से कहा कि यह हमेशा की अपेक्षा बड़ा और बेहतर आयोजन होगा और हम चाहते हैं कि हर कोई इस महोत्सव में शामिल हो।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications