स्वस्थ रखने में मददगार हैं एंटीऑक्सीडेंट्स
लंदन, 6 जुलाई (आईएएनएस)। भोजन के साथ मिलने वाले एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे विटामिन सी और विटामिन ई यदि लंबे समय तक पूरक आहार के रूप में लिए जाते रहें तो इससे धमनियों को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। इससे धूम्रपान और मद्यपान करने वालों की धमनियां लचीली भी बनी रहती हैं।
एक नए अध्ययन में हुए इस खुलासे में पता चला है कि एंटीऑक्सीडेंट्स कोशिकाओं को बुढ़ापे और ऊतकों की खराबी के लिए जिम्मेदार स्वतंत्र अणुओं के हमलों से सुरक्षित करते हैं।
शोधकर्ताओं ने अध्ययन के लिए विटामिन सी, विटामिन ई, कोएंजाइम क्यू10 और सेलीनियम कैप्सूल्स का इस्तेमाल किया और इसके सकारात्मक प्रभाव देखे।
इजरायल के वोल्फसन मेडिकल सेंटर के र्यूवेन जिमलिचमैन और अन्य शोधकर्ताओं ने उच्च रक्तचाप के 70 मरीजों पर यह अध्ययन किया।
जिमिलिचमैन ने कहा कि शोध के दौरान देखा गया कि दिल की कई बीमारियों (धूम्रपान और मद्यपान के कारण होने वाली परेशानियां) से ग्रस्त मरीजों में एंटीऑक्सीडेंट्स के पूरक देने पर उनके शरीर की बड़ी और छोटी धमनियों की तन्यता बढ़ गई थी।
उन्होंने बताया कि इससे ग्लूकोज और लिपिड का चयापचय बढ़ने से रक्तचाप में कमी आई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications