नेपाल ने दलाई लामा के जन्मदिन समारोहों पर रोक लगाई
काठमांडू, 6 जुलाई (आईएएनएस)। चीन की नाखुशी ध्यान में रखकर नेपाल सरकार ने मंगलवार को तिब्बत के निर्वासित नेता दलाई लामा के जन्मदिन पर मठों में होने वाली बड़ी प्रार्थना सभाओं को रोक दिया और अपने सांसदों को इनसे दूर रहने को कहा।
काठमांडू घाटी के स्वयंभूनाथ और बौद्धनाथ इलाकों में सैकड़ों दंगारोधी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। इन इलाकों में कई प्रसिद्ध बौद्ध मंदिर और मठ हैं तथा प्रवासी तिब्बति समुदाय की इस इलाके में प्रधानता है।
इनकी तैनाती का उद्देश्य स्थानीय निवासियों, साधुओं, भिक्षुणियों और स्कूलों को 14वें दलाई लामा तेनजिन ग्यात्सो के 75वें जन्मदिन पर किसी सार्वजनिक समारोह के आयोजन से रोकना था।
दलाई लामा के लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना सभा में लोगों को शामिल होने से रोकने के लिए बड़े बौद्ध मठों के दरवाजों पर भी पुलिसकर्मी तैनात थे।
परंतु इस सब बाधाओं के बावजूद तिब्बती समुदाय ने ललितपुर जिले में स्थित ज्वालाखेल तिब्बती शरणार्थी शिविर में एक विशाल प्रार्थना सभा की।
शरणार्थी शिविर पहुंचने का प्रयास कर रहे 100 से अधिक लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
चीन की नाराजगी के भय से नेपाल के विदेश मंत्रालय ने 601 सदस्यीय संसद के सभी सदस्यों से जन्मदिन समारोह में शामिल होने के तिब्बती समुदाय के किसी भी निमंत्रण को स्वीकार नहीं करने को कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications