धर्मशाला में धूमधाम से मना दलाई लामा का जन्मदिन
धर्मशाला, 6 जुलाई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में तिब्बतियों के धर्म गुरु दलाई लामा का 75वां जन्मदिन मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया।
मूसलाधार बारिश के बावजूद हजारों की तादाद में निर्वासित तिब्बती अनुयायी दलाई लामा का जन्मदिन मनाने के लिए त्सुगलगखांग मंदिर में इक्कठा हुए।
तिब्बती निर्वासित सरकार के प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया, "दलाई लामा के जन्मदिन के अवसर पर उनकी लंबी आयु की कामना के लिए विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।"
प्रवक्ता ने बताया कि इस प्रार्थना सभा का आयोजन सुबह नौ बजे से 11 बजे के बीच किया गया था जिसमें उनके अनुयायियों के अलावा 17वें करमापा परम पूज्य उग्येन त्रिनले दोरजी ने भी हिस्सा लिया।
नोबेल पुरस्कार विजेता दलाई लामा को आस्ट्रेलिया के एक चीनी समूह की तरफ से भी जन्मदिन की बधाई दी गई।
दलाई लामा के जन्मदिन के मौके पर तिब्बती कैबिनेट ने भी दलाई लामा की लंबी आयु के लिए प्रार्थना की।
गौरतलब है कि तिब्बत के पूर्वोत्तर में आम्दो प्रांत में एक छोटे से गांव में दलाई लामा का जन्म छह जुलाई 1935 को हुआ था। वर्ष 1989 में उन्हें तिब्बत के अहिंसात्मक संघर्ष के लिए नोबेल शांति पुरस्कार मिला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications