रेल यातायात सामान्य होने में एक दिन और लगेगा
नई दिल्ली, 6 जुलाई (आईएएनएस)। भारत बंद के दौरान 265 रेलगाड़ियां प्रभावित होने के एक दिन बाद भी रेल यातायात पूरी तरह से सामान्य नहीं हो पाया है। रेलवे प्रबंधन का कहना है कि इसे पूरी तरह सामान्य होने में अभी 24 घंटे लग सकते हैं।
रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "इस तरह की स्थितियों में यातायात को सामान्य बनाने में कम से कम एक दिन लग जाता है।" बंद के दौरान 73 रेलों को रद्द किया गया था और 192 अन्य रेलगाड़ियां बाधित हुई थीं।
अधिकारी ने कहा कि इनमें से ज्यादातर ट्रेनों को उनकी अंतिम मंजिल से पहले ही रोक दिया गया था जिन्होंने सोमवार देर रात अपनी यात्रा फिर से शुरू की है।
सोमवार को रद्द की गई महत्वपूर्ण रेलों में रांची-शताब्दी एक्सप्रेस, ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, शांति निकेतन एक्सप्रेस, आसनसोल इंटर-सिटी एक्सप्रेस, तूफान एक्सप्रेस, भागीरथी एक्सप्रेस, हावड़ा-मालदा एक्सप्रेस और वाराणसी एक्सप्रेस शामिल हैं।
रद्द की गई रेलगाड़ियों में 59 मेल और एक्सप्रेस हैं जबकि 14 पेसेंजर गाड़ियां हैं। इसके अलावा 174 अन्य रेलगाड़ियां समय पर अपनी यात्रा पूरी नहीं कर पाई थीं।
देश के पूर्वी, उत्तर-पूर्वी, दक्षिण-पूर्वी और उत्तरी इलाकों में रेल यातायात सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ था देश के अन्य इलाकों में रेल यातायात मोटे तौर पर सामान्य रहा था।
रेल मंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में बंद पर अपनी टिप्पणी की थी लेकिन रेल यातायात बाधित होने से यात्रियों को हो रही परेशानी के बारे में उन्होंने कुछ नहीं कहा था।
उन्होंने कहा, "यह बंद अवकाश से ज्यादा कुछ नहीं है। हम ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ हैं, हम आम आदमी के साथ हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications