भारत महत्वपूर्ण साझेदार : जियाबाओ
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के विशेष दूत और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन से सोमवार को मुलाकात के दौरान वेन ने कहा, "हम उच्च स्तरीय दौरे जारी रखने का कार्य करेंगे और एक-दूसरे के मूल हितों और प्रमुख चिंताओं का ध्यान रखेंगे।"
समाचार पत्र 'पीपुल्स डेली' ने मंगलवार को कहा कि वेन ने भारत के साथ संवाद और सहयोग बढ़ाने के साथ ही विश्व शांति के लिए संयुक्त प्रयास करने का वादा किया।
चीन और भारत के बीच राजनयिक संबंधों की प्रशंसा करते हुए वेन ने कहा कि संबंध काफी परिपक्व हैं। राजनीतिक विश्वास बढ़ा है और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल हुई है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय संकट से बचाव, जलवायु परिवर्तन और अन्य मुद्दों पर महत्वपूर्ण समझौते तथा सहयोग किया।
चीन के प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और चीन के बीच स्वस्थ, स्थाई और गतिशील संबंध अब दोनों देशों के लिए तथा एशिया और पूरी दुनिया के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं।
मेनन ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पत्र वेन को सौंपा।
मेनन ने कहा कि प्रधानमंत्री चीन को एक महान पड़ोसी देश मानते हैं और चीन के साथ संबंध सर्वाधिक महत्वपूर्ण विदेशी संबंधों में से एक हैं।
मेनन ने कहा कि दोनों देशों ने एक रणनीतिक साझेदारी स्थापित की है। इससे द्विपक्षीय सहयोग की एक मजबूत नींव पड़ी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications