संग्रहालय में असली कलाकृतियां की जगह नकली रखी गईं
ढाका, 6 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय में रखे त्रिपुरा से संबंधित नौ स्वर्ण पदक और चांदी के 17 प्राचीन सिक्के चोरी हो गए और उनकी जगह पर चोरों ने तांबे और लोहे के नकली सिक्के रख दिए।
संग्रहालय प्रबंधन अभी यह सुनिश्चित नहीं कर पाया है कि इस तरह से कुल कितनी कलाकृतियां चोरी हो गई हैं क्योंकि संग्रहालय में 1982 के बाद से यहां रखी चीजों को जरूरी जांच और रखरखाव नहीं किया गया।
प्रबंधन ने कहा कि चोर संग्रहालय का ही कोई कर्मचारी हो सकता है क्योंकि 1991 के बाद से यहां सेंधमारी या चोरी की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। 1991 में यहां से राजा दिगापाटिया के सिंहासन के सोने-चांदी से बने हत्थे चोरी हुए थे।
'डेली स्टार' समाचार पत्र के मुताबिक सोमवार को संग्रहालय का दौरा करने पहुंचे सांस्कृतिक मामलों के राज्य मंत्री प्रमोद मनकिन ने कहा, "हमें आशंका है कि इस घटना के लिए संग्रहालय के कर्मचारी ही जिम्मेदार हैं। हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि कुल कितनी चीजें चोरी हुई हैं और किसने की हैं।"
म्यूजियम प्रबंधन ने कर्मचारियों की कमी की शिकायत की है। मंत्री ने कहा, "इस घटना के लिए जिम्मेदारी कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति से पहले छुट्टी दे दी गई है और कुछ लोगों को उपेक्षा के लिए जिम्मदार मानते हुए निलंबित किया गया है।"
बांग्लादेश राष्ट्रीय संग्रहालय के महासचिव प्रकाश चंद्र दास ने कहा, "इस संग्रहालय में करीब 55,000 चीजें प्रदर्शन के लिए रखी गई हैं इस सभी चीजों की पूरी जांच करना काफी समय लेने वाला काम है, हम अभी इस काम की शुरूआत नहीं कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "इस काम में करीब छह महीने लगेंगे तभी हम स्पष्ट तौर पर कह पाएंगे कि कितनी चीजों की चोरी हुई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications