नेवेली लिग्नाइट कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म की
चेन्नई, 6 जुलाई (आईएएनएस)। नेवेली लिग्नाइट कार्पोरेशन लिमिटेड (एनएलसी) के दो बड़े कर्मचारी संगठनों ने अपनी छह दिनों तक चली हड़ताल मंगलवार को वेतन समझौते के बाद खत्म कर दी है।
डीएमके समर्थित संगठन एनएलसी वकर्स प्रोग्रेसिव यूनियन (एनएलसीडब्ल्यूपीयू) और पीएमके से जुड़े पट्टाली थोंजिल संगम (पीटीएस) के करीब 14,000 सदस्य हैं जिनमें स्थाई और अस्थाई दोनों तरह के कर्मचारी सम्मिलित हैं।
एनएलसीडब्ल्यूपीयू के महासचिव आर गोपालकृष्णन ने आईएएनएस से कहा, "प्रबंधन को शायद छह दिन तक चली हड़ताल के लिए कर्मचारियों में एकता की उम्मीद नहीं थी, कर्मचारियों की देखरेख के बिना विद्युत संयंत्रों को चलाना काफी जोखिम भरा साबित हो रहा था।"
पीटीएस के महासचिव वी. थिलाकर ने आईएएनएस से कहा, "यह एक अच्छा समझौता है। बाकी सरकारी कंपनियों में हुए वेतन समझौतों में यह सबसे बेहतर है। कर्मचारियों के मासिक वेतन में 7,000 रुपये से 13,000 रुपये की बढ़ोतरी होगी। कर्मचारियों को वेतन में कम से कम 24,000 रुपये हाथ में मिलेंगे।"
वेतन एरियर के तौर पर कर्मचारियों को एक लाख से सवा दो लाख रुपये मिलेंगे।
कंपनी के एक अधिकारी ने कहा, "कंपनी के वार्षिक वेतन व्यय में 300 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी होगी। इस साल एरियर्स देने पर कंपनी को 600 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ेंगे।"
नया समझौता 1 जनवरी 2007 से लागू माना जाएगा 31 दिसंबर 2006 को पुराना समझौता समाप्त हुआ था।
कर्मचारी संगठनों ने बुधवार रात को हड़ताल पर जाने की घोषणा की थी।
एनएलसी खनन एवं विद्युत उत्पादन कंपनी है। चेन्नई से 180 किलोमीटर दूर नेवेली में कंपनी के संयंत्र से 2,490 मेगावॉट विद्युत का उत्पादन होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications